October 7, 2026
मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का किया उद्घाटन
Latest देहरादून न्यूज

मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का किया उद्घाटन

हरिद्वार: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के ग्राम औरंगाबाद स्थित पतंजलि वेलनेस योगग्राम में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् के उद्घाटन समारोह में प्रतिभाग किया। उन्होंने इसे भारत की प्राचीन गुरुकुल परंपरा और आधुनिक शिक्षा के समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रमुख केंद्र है। देवभूमि उत्तराखण्ड में पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ भारतीय ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि गुरुकुल शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होती, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, चरित्र निर्माण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करती है।

उन्होंने कहा कि “सा विद्या या विमुक्तये” हमारी प्राचीन शिक्षा व्यवस्था का मूल भाव रहा है। आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ योग, आयुर्वेद, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का समन्वय विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए भी तैयार करेगा।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लागू नीति में कौशल विकास, नवाचार, भारतीय ज्ञान परंपरा और समग्र शिक्षा पर विशेष बल दिया गया है। उत्तराखण्ड सरकार भी इसे प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि भारतीय दर्शन, संस्कृति और ज्ञान परंपरा के अध्ययन एवं शोध को बढ़ावा देने के लिए दून विश्वविद्यालय में हिंदू अध्ययन केंद्र स्थापित किया गया है। वहीं, विज्ञान एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को पर्यटन के साथ-साथ ज्ञान, योग, आयुर्वेद और अध्यात्म के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, विधायक रवि बहादुर, रुड़की की मेयर श्रीमती अनीता अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *