October 8, 2026
चारधाम यात्रा 2026 की समीक्षा मुख्यमंत्री धामी ने सुरक्षा और सुगम यात्रा के दिए सख्त निर्देश
Latest देहरादून न्यूज

चारधाम यात्रा 2026 की समीक्षा मुख्यमंत्री धामी ने सुरक्षा और सुगम यात्रा के दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चारधाम यात्रा-2026 की व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा करते हुए यात्रा से जुड़े सभी जिलाधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर मौसम, भूस्खलन, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी, विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यमुनोत्री और केदारनाथ मार्ग पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने श्री यमुनोत्री धाम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए धाम से लगभग 500 मीटर पहले दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने, डंडी-कंडी सेवाओं को व्यवस्थित करने तथा खरसाली से वैकल्पिक मार्ग पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही सूर्यकुंड क्षेत्र में प्रभावी भीड़ प्रबंधन और पैदल यात्रियों व घोड़े-खच्चरों की आवाजाही अलग-अलग व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा और भैरव ग्लेशियर क्षेत्र को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए मुख्यमंत्री ने वहां विशेष सतर्कता, नियमित निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू व्यवस्था उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य, संचार और मूलभूत सुविधाएं हों मजबूत

मुख्यमंत्री ने श्री केदारनाथ और श्री बदरीनाथ यात्रा मार्गों पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने मोबाइल नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक आपात संचार व्यवस्था विकसित करने, यात्रा मार्गों पर शौचालय, पेयजल, विद्युत, प्रकाश, अलाव तथा शटल सेवाओं की बेहतर व्यवस्था करने और उनकी नियमित सफाई व औचक निरीक्षण के निर्देश भी दिए।

हेली टिकटों में अनियमितता पर होगी कड़ी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम हेली सेवाओं के टिकट केवल निर्धारित दरों पर ही उपलब्ध कराए जाएं। निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली या अनधिकृत टिकट बिक्री की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हेली सेवाओं के सुरक्षित संचालन पर भी विशेष जोर दिया।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, गृह सचिव शैलेश बगौली सहित शासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *