मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को स्वर्गीय अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अशोक सिंघल जी ने अपना संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा समाज को संगठित करने के लिए निरंतर कार्य किया। उनके प्रयासों ने सांस्कृतिक चेतना के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी सदैव याद रखेंगी।
श्री धामी ने कहा कि महान व्यक्तित्वों का जीवन हमें राष्ट्रहित, सेवा और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल के आदर्श और विचार समाज में सकारात्मक परिवर्तन तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सदैव मार्गदर्शक बने रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को नमन किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज एवं राष्ट्र की सेवा करने का आह्वान किया।
