September 14, 2026
मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन: धामी ने युवाओं के सपनों से गढ़ा विकसित उत्तराखण्ड का विजन
Latest देहरादून न्यूज

मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन: धामी ने युवाओं के सपनों से गढ़ा विकसित उत्तराखण्ड का विजन

श्रीनगर गढ़वाल स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा (HNB) गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर के विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर विकसित उत्तराखण्ड को लेकर उनके सपनों, सुझावों और भविष्य की परिकल्पनाओं को सुना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति ही विकसित उत्तराखण्ड की सबसे बड़ी ताकत है। राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना है, ताकि वे वर्ष 2047 के विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

उन्होंने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को विद्यार्थियों का अभूतपूर्व समर्थन मिला है। अभियान के तहत प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं, जो उत्तराखण्ड के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी संवेदनशील सोच और संकल्प को दर्शाते हैं।

संवाद के दौरान रुद्रप्रयाग, देवप्रयाग और पौड़ी की छात्राओं ने पलायन, रोजगार, गांवों के विकास और पहाड़ों से जुड़ाव जैसे मुद्दे उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और अनुभव के लिए बाहर जाना सकारात्मक हो सकता है, लेकिन सरकार पहाड़ों में रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

विद्यार्थियों ने पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, चारधाम यात्रा, स्वास्थ्य सुविधाओं और कौशल विकास पर भी सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। उन्होंने नशामुक्त उत्तराखण्ड का संदेश देते हुए युवाओं से अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में छात्रा अदिति गौतम ने मुख्यमंत्री को अपनी बनाई चित्रकृति भेंट की, जबकि उत्कृष्ट सहभागिता के लिए शिक्षक अंकुश और रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *