देहरादून। राजधानी देहरादून के दून विहार क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नई स्कॉर्पियो कार अचानक आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी लोग पहले ही सुरक्षित बाहर निकल चुके थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो वाहन उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के एक चेयरमैन का बताया जा रहा है। वाहन में दो बुजुर्ग महिलाएं, दो युवतियां और दो छोटे बच्चे सवार थे, जो जाखन स्थित वाइन शॉप के समीप अपने एक रिश्तेदार के घर आए हुए थे।

बताया गया कि सभी सवारियों के उतरने के बाद चालक ने वाहन को पार्किंग में खड़ा किया। इसी दौरान अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही जाखन चौकी प्रभारी सूरज कंडारी और चीता पुलिस के मुकेश बुटोला मौके पर पहुंचे। उन्होंने साहस का परिचय देते हुए CO₂ सिलेंडर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया।
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। फायर ब्रिगेड की तत्परता से वाहन में मौजूद सामान को अधिक नुकसान होने से बचा लिया गया।
प्राथमिक जांच में वाहन में आग लगने का कारण एसी सिस्टम में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
सौभाग्य से इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन नई गाड़ी में अचानक लगी आग ने वाहन सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
