देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में प्रदेश मुख्यालय से सचिवालय तक मार्च निकाला। राजपुर रोड से नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता जैसे ही सुभाष रोड स्थित सचिवालय के समीप पहुंचे, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई।

स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कई कांग्रेसी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कुछ देर बाद कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर धरने पर बैठ गए। पुलिस द्वारा धरना समाप्त करने के लिए कहने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। बाद में पुलिस ने गणेश गोदियाल समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचाया, जहां से बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
भूमि मामलों को लेकर सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
धरने के दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि पिछले दस वर्षों में राज्य में भूमि से जुड़े कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिन्होंने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में हरिद्वार नगर निगम की भूमि खरीद मामले की जांच में अनियमितताओं की पुष्टि हुई थी और कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई थी।
उन्होंने कहा कि मसूरी के जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र की भूमि आवंटन प्रक्रिया, डाकपत्थर में जल विद्युत निगम की करीब 180 एकड़ भूमि के हस्तांतरण तथा नैनीताल के रामगढ़ क्षेत्र में सरकारी भूमि को निजी हाथों में सौंपे जाने के मामलों को लेकर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं।
गोदियाल ने उत्तराखंड निवेश एवं अवसंरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) के माध्यम से विकसित किए जा रहे लैंड बैंक को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राजस्व, पर्यटन, कृषि, उद्यान, सिडकुल और ऊर्जा निगमों की भूमि को एकत्रित कर भविष्य में निजी हितों के लिए उपयोग किए जाने की आशंकाओं ने जनता की चिंता बढ़ा दी है। कांग्रेस प्रदेश की जल, जंगल और जमीन से किसी प्रकार का समझौता नहीं होने देगी और जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता, महिला प्रदेश अध्यक्ष फिसलने से बाल-बाल बचीं
धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिससे बैरिकेड हिलने लगा। इस दौरान महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला फिसलने से बाल-बाल बच गईं, जबकि डॉ. प्रतिमा सिंह गिरने से चोटिल हो गईं।
प्रदर्शन के दौरान उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, नवीन जोशी, विरेंद्र पोखरियाल, गोदावरी थापली, पूर्व विधायक राजकुमार, गरिमा महरा दसौनी, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, महेंद्र नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
