धुमाकोट में स्वर्गीय मनवर सिंह रावत की स्मृति में तृतीय वालीबॉल व महिला रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन
खेल

धुमाकोट में स्वर्गीय मनवर सिंह रावत की स्मृति में तृतीय वालीबॉल व महिला रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन

धुमाकोट (पौड़ी)। स्वर्गीय मनवर सिंह रावत जी की स्मृति में तृतीय वालीबॉल प्रतियोगिता एवं महिलाओं के लिए रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज धुमाकोट के खेल मैदान में भव्य रूप से किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल भावना का परिचय दिया।

महिला रस्साकसी प्रतियोगिता में कुल 19 गांवों की महिला टीमों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबलों के बाद नाला गांव की टीम विजेता बनी, जबकि पिछले वर्ष की विजेता टीम चोरगढ़ इस वर्ष उपविजेता रही। वहीं वालीबॉल प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में आदालीखाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया और पटोटिया गांव की टीम उपविजेता रही।

प्रतियोगिता का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्णन नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख रेखा देवी एवं कनिष्ठ प्रमुख राजेन्द्र पटवाल की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभा निखारने के लिए महत्वपूर्ण बताया।

इस आयोजन का सफल संचालन स्वर्गीय मनवर सिंह रावत जी के सुपुत्र सूर्य प्रताप द्वारा किया गया। प्रतियोगिता की विशेष बात यह रही कि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अर्जुन पटवाल जी के फेसबुक पेज के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाया गया। साथ ही सभी मैचों का लाइव प्रसारण Voice of Mountain एवं मनोज स्टार यूट्यूब चैनल के जरिए भी किया गया, जिससे दूर-दराज के दर्शक भी प्रतियोगिता से जुड़े रहे।

आयोजकों ने जानकारी दी कि कल पुरुष वर्ग की वालीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसके साथ ही प्रतियोगिता का समापन समारोह भी संपन्न होगा। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाला यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *