ऋषिकेश के पूर्व मेयर प्रत्याशी दिनेश चंद मास्टर उक्रांद में शामिल, क्षेत्रीय राजनीति में हलचल
Latest राजनीति

ऋषिकेश के पूर्व मेयर प्रत्याशी दिनेश चंद मास्टर उक्रांद में शामिल, क्षेत्रीय राजनीति में हलचल

देहरादून/ऋषिकेश। ऋषिकेश नगर निगम मेयर चुनाव में चर्चित रहे पूर्व प्रत्याशी दिनेश चंद मास्टर ने अब क्षेत्रीय राजनीति में नई पारी शुरू करते हुए उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उनके उक्रांद में शामिल होने को प्रदेश की क्षेत्रीय राजनीति में अहम माना जा रहा है।

देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिनेश चंद मास्टर ने औपचारिक रूप से उत्तराखंड क्रांति दल का दामन थामा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मूल मुद्दों, भू-कानून, मूल निवास और क्षेत्रीय अस्मिता की लड़ाई को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने उक्रांद में शामिल होने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब राष्ट्रीय दलों के विकल्प के रूप में एक मजबूत क्षेत्रीय शक्ति चाहती है, जो उत्तराखंड के हितों और मूल मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाए।

गौरतलब है कि दिनेश चंद मास्टर ऋषिकेश नगर निगम मेयर चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे थे। चुनाव के दौरान उन्होंने स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाई थी। इसी कारण वे क्षेत्रीय राजनीति में लगातार चर्चा का विषय बने रहे।

राजनीतिक गलियारों में उनके उक्रांद में शामिल होने को आगामी चुनावी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। उक्रांद नेताओं ने दिनेश चंद मास्टर का स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से पार्टी को ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में संगठनात्मक मजबूती मिलेगी।

पार्टी नेताओं ने भरोसा जताया कि क्षेत्रीय मुद्दों पर सक्रिय जनसमर्थन के चलते उक्रांद को भविष्य में इसका राजनीतिक लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *