उत्तराखंड: प्रभारी सचिव दिलीप जावलकर ने निर्माणाधीन हेरिटेज भवन का किया निरीक्षण, समय पर कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
Latest देहरादून न्यूज

उत्तराखंड: प्रभारी सचिव दिलीप जावलकर ने निर्माणाधीन हेरिटेज भवन का किया निरीक्षण, समय पर कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

जनपद के प्रभारी सचिव दिलीप जावलकर ने सोमवार को निर्माणाधीन हेरिटेज भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की कार्ययोजना, भवन की डिजाइन और शेष निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने कहा कि हेरिटेज भवन को स्थानीय विरासत और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित किया जाए, ताकि यह पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सके। उन्होंने भविष्य में आगंतुकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए भवन परिसर और उसके आसपास सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया।

लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता रीना नेगी ने बताया कि भवन के इंटीरियर कार्य का एस्टीमेट तैयार कर पर्यटन विभाग को भेज दिया गया है। विभाग से स्वीकृति मिलते ही भवन के आंतरिक साज-सज्जा सहित अन्य संबंधित कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित लोक निर्माण विभाग और प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *