अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: पौड़ी में मुख्य आयोजन की तैयारियां तेज, सीडीओ अशोक जोशी ने की समीक्षा
Latest

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: पौड़ी में मुख्य आयोजन की तैयारियां तेज, सीडीओ अशोक जोशी ने की समीक्षा

पौड़ी गढ़वाल, 13 जून। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा योग को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर बल दिया।बैठक में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को निर्देश दिए गए कि योग कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल, स्वच्छता, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम, प्राथमिक चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। साथ ही सभी विभागों को अपने निर्धारित दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने को कहा गया।

बैठक में जानकारी दी गई कि योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम रांसी स्टेडियम, पौड़ी में आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त कोटद्वार, वेद निकेतन तथा जनपद के अन्य प्रमुख स्थलों पर भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

सीडीओ ने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों तथा आम नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।बैठक में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *