जयहरीखाल जनसेवा शिविर: 85 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ
Latest देहरादून न्यूज

जयहरीखाल जनसेवा शिविर: 85 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ

जयहरीखाल (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड जयहरीखाल में जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा एक ही स्थान पर कुल 85 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में उद्यान विभाग ने 14 किसानों को सब्जियों के बीज वितरित किए, जबकि कृषि विभाग ने 16 किसानों को कृषि उपकरण उपलब्ध कराए। पशुपालन विभाग ने 12 पशुपालकों को पशु दवाइयों का वितरण किया। ग्राम्य विकास विभाग ने 13 लोगों के वीबीजीआरएएमजी (VBRAMG) रोजगार संबंधी आवेदन भरवाए। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने 17 लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं।

इसके अलावा पंचायतीराज विभाग ने 11 लोगों के परिवार रजिस्टर की नकल एवं आधार कार्ड से संबंधित कार्य संपादित किए, जबकि बाल विकास विभाग ने दो महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) रवि सैनी ने कहा कि जनसेवा शिविरों के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रधान संगठन की अध्यक्ष प्रगति रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य विक्रांत खंतवाल, ग्राम प्रधान विनय खुगशाल, डॉ. मंजूपाल, डॉ. सौरभ बौंठियाल, महबूब खान, अमित गौड़, प्रेमदास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *