श्रावण कांवड़ मेला: लक्ष्मणझूला पुलिस और टैक्सी यूनियन की समन्वय बैठक, सुगम यातायात पर जोर
Latest देहरादून न्यूज

श्रावण कांवड़ मेला: लक्ष्मणझूला पुलिस और टैक्सी यूनियन की समन्वय बैठक, सुगम यातायात पर जोर

ऋषिकेश। श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए लक्ष्मणझूला पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए टैक्सी यूनियन के साथ समन्वय बैठक आयोजित की।

प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में टैक्सी यूनियन अध्यक्ष एवं टैक्सी चालकों ने भाग लिया। बैठक में कांवड़ मेला अवधि के दौरान यातायात संचालन, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग, नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा न करने, जाम की स्थिति से बचाव तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

पुलिस ने सभी टैक्सी चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों से ही वाहन संचालन करने तथा सवारी बैठाने और उतारने के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न होने देने की अपील की। साथ ही पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।

बैठक के दौरान टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों और वाहन चालकों ने भी अपनी समस्याएं एवं सुझाव पुलिस के समक्ष रखे। पुलिस प्रशासन ने सभी मुद्दों पर आवश्यक समन्वय और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कांवड़ मेले के दौरान बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *