लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) से पशुधन की सुरक्षा और पशुपालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से विकासखंड कल्जीखाल के अंतर्गत पशु चिकित्सालय सरोड़ा-मरोड़ा की टीम ने ग्राम बिलखेत एवं सरोड़ा में जागरूकता एवं पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किए।
शिविर में पशुपालकों को एलएसडी के लक्षण, बचाव एवं नियंत्रण के उपाय, पशुओं के उचित रख-रखाव, स्वच्छता तथा रोग की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया।
ग्राम बिलखेत में ग्राम प्रधान रश्मि देवी की उपस्थिति में 24 पशुपालकों के 40 बड़े एवं 15 छोटे पशुओं को लाभ मिला। शिविर में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सावन कुमार, वैक्सीनेटर जयकिशन तथा पशु सखी सोनम देवी ने सेवाएं दीं।
वहीं ग्राम सरोड़ा में 10 पशुपालकों के 6 बड़े एवं 8 छोटे पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। यहां पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी डॉ. प्रतिभा एवं पशु प्रेमी नीरज कुमार ने सहयोग किया।
पशुपालन विभाग ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि एलएसडी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय से संपर्क करें तथा पशुशालाओं में स्वच्छता बनाए रखते हुए आवश्यक सावधानियां अवश्य अपनाएं।
