October 7, 2026
मां नंदा की राजजात वाण से वेदनी के लिए रवाना, जयकारों के बीच नम आंखों से विदाई
Latest देहरादून न्यूज धार्मिक/धर्म-समाचार

मां नंदा की राजजात वाण से वेदनी के लिए रवाना, जयकारों के बीच नम आंखों से विदाई

चमोली: विश्व प्रसिद्ध मां नंदा देवी राजजात यात्रा गुरुवार को वाण से गैरोली पातल होते हुए वेदनी के लिए रवाना हुई। मां नंदा की डोली के प्रस्थान के समय पूरा वाण क्षेत्र श्रद्धा, आस्था और भावनाओं से सराबोर नजर आया। स्थानीय ग्रामीणों और हजारों श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां नंदा की डोली को अगले पड़ाव के लिए विदाई दी। इस दौरान जयकारों, जागरों और पारंपरिक मांगल गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

यात्रा के शुभ प्रस्थान अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मां नंदा की डोली की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। उन्होंने बड़ी राजजात के सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना भी की। पूजा के बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच डोली को वेदनी की ओर विदा किया गया।

राजजात में 40 से अधिक छंतोलियां, सैकड़ों देव निशान और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर आगे बढ़ती डोली के साथ श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और गहरी आस्था देखने को मिली। ग्रामीणों ने अपनी लोक संस्कृति के अनुरूप मां नंदा को पारंपरिक विदाई दी।

प्रस्थान से पूर्व जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने यात्रा पड़ाव और मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आगामी पड़ावों पर भी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन ने यात्रा मार्ग के सभी प्रमुख पड़ावों पर सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। साथ ही श्रद्धालुओं से पर्वतीय मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने, निर्धारित मार्ग का पालन करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *