देहरादून, 13 जून। देशभर के ब्राह्मण समाज को एकजुट करने और जनसंपर्क अभियान के तहत चलाए जा रहे “परशुराम वंशज” कार्यक्रम के अंतर्गत अभियान संयोजक पंडित शुभम शर्मा के देहरादून पहुंचने पर विभिन्न ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड ब्राह्मण समाज महासंघ (पंजी.) द्वारा सहारनपुर रोड स्थित कार्यालय में किया गया। इस अवसर पर दिल्ली से पहुंचे अभियान संयोजक पंडित शुभम शर्मा ने कहा कि “परशुराम वंशज” अभियान पूरी तरह गैर-राजनीतिक है और इसका उद्देश्य देशभर के ब्राह्मण समाज के लोगों से संवाद स्थापित कर सामाजिक जागरूकता और एकजुटता को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित और जागरूक रहने की आवश्यकता है, ताकि बदलती परिस्थितियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके। उन्होंने सामाजिक स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए सभी वर्गों के बीच संवाद और एकजुटता पर बल दिया।
उत्तराखंड ब्राह्मण समाज महासंघ के महासचिव डॉ. वी.डी. शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि भगवान परशुराम के आदर्शों को आत्मसात कर समाज को संगठित करना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में डॉ. अजय वशिष्ठ सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान अरुण कुमार शर्मा, शशि कुमार शर्मा, एस.एन. उपाध्याय, मनमोहन शर्मा, रूपचंद शर्मा, ललित शर्मा, अरुण शर्मा, सुरेश कुमार, उदित पांडे, वीरेंद्र शर्मा, नरेश शर्मा, एस.के. शर्मा और रजत शर्मा समेत कई लोग उपस्थित रहे।
