हाट-सियासैंण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद लापता श्रमिकों की तलाश और बचाव अभियान लगातार जारी है। रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और श्रमिक को टनल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। श्रमिक को तत्काल जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेजा गया है।
एक श्रमिक के बाहर निकलने के बाद अब एक लापता श्रमिक की तलाश शेष है। रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर संभावित स्थानों पर लगातार सघन सर्च अभियान चला रही हैं। अभियान को तेज करते हुए टनल में जमा कीचड़ और मलबे को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही पानी की निकासी का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
सक्शन पंपों समेत अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से टनल के अंदर जमा पानी और स्लज को बाहर निकाला जा रहा है, जिससे रेस्क्यू टीमों की आवाजाही सुगम हो सके और संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिक की तलाश की जा सके।
जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और अभियान को गति देने के लिए आवश्यक संसाधन एवं उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
एकमात्र लापता श्रमिक की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टनल के अंदर सभी संभावित स्थानों पर बारीकी से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही हैं और लापता श्रमिक तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
