मल्ली मेराई में शिक्षा और योजनाओं पर जागरूकता अभियान
Latest देहरादून न्यूज

मल्ली मेराई में शिक्षा और योजनाओं पर जागरूकता अभियान


नैनीताल: उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (UMOU) द्वारा गोद लिए गए ग्राम मल्ली मेराई में शिक्षा, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. अरविंद भट्ट, निदेशक, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विद्यालय, उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय ने की। उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षा को सामाजिक विकास का आधार बताते हुए ग्रामीणों से उच्च शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन सुश्री रुचि आर्या ने किया। इस दौरान डॉ. गोपाल गोनिया, सहायक प्राध्यापक (समाजशास्त्र) ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उनका अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

वहीं श्री मनोज पाण्डेय, सहायक प्राध्यापक (पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान) ने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया तथा दूरस्थ शिक्षा प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को अग्निवीर योजना की पात्रता, चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण, वेतन, भत्तों, सेवा निधि और सेवा के बाद उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के बारे में भी विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, महिलाओं तथा स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने शिक्षा और सरकारी योजनाओं से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों के बीच विभिन्न विषयों की निःशुल्क पुस्तकों का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *