सीएम धामी ने 495 करोड़ की विकास योजनाओं को दी मंजूरी, कुंभ 2027 और सड़क परियोजनाओं पर बड़ा फोकस
Latest देहरादून न्यूज

सीएम धामी ने 495 करोड़ की विकास योजनाओं को दी मंजूरी, कुंभ 2027 और सड़क परियोजनाओं पर बड़ा फोकस

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य के विकास को गति देने के लिए करीब 495 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई। इन फैसलों में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों, सड़क निर्माण, शहरी विकास, बिजली व्यवस्था और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

सरकार ने कुंभ मेला 2027 को ध्यान में रखते हुए सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण स्वीकृतियां प्रदान की हैं। साथ ही कुंभ के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 43.87 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दी गई है।

राज्यभर में सड़क निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। इसके अलावा शहरी निकायों और जिला पंचायतों को वित्तीय सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया है ताकि स्थानीय स्तर पर विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा सकें।

बैठक में रामनगर में मल्टीलेवल पार्किंग और चम्पावत में एडवेंचर पार्क के निर्माण को भी मंजूरी दी गई। वहीं पीएसी रुद्रपुर में विभिन्न निर्माण कार्यों सहित कई अन्य परियोजनाओं को भी हरी झंडी मिली।

सरकार ने राज्य के कर्मचारियों को राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी का भी निर्णय लिया। इसके अलावा अल्मोड़ा जिले में दो सड़कों के नाम परिवर्तन को भी मंजूरी प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इन फैसलों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी, विकास कार्यों में तेजी आएगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *