देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए भारी से अत्यंत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का हाई अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

राज्य सरकार ने राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। SDRF, NDRF, पुलिस और अन्य आपदा राहत दलों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने सभी जिलों में सड़क मार्गों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने या अन्य प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।
इन जिलों में आज स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
खराब मौसम और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी एवं अशासकीय विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे सतर्क रहकर किसी भी आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए हैं।
