देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सड़क सुरक्षा से संबंधित अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, सड़क सुरक्षा उपायों, ब्लैक स्पॉट के सुधार और जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समितियों के कार्यों की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक तरीके से विश्लेषण करने तथा सड़क की डिजाइन, रोड ज्योमेट्री और अन्य तकनीकी कमियों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने रोड सेफ्टी ऑडिट को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए बस अड्डों का नियमित ऑडिट कराने को कहा। ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों का रोड सेफ्टी एवं थर्ड पार्टी ऑडिट कराकर प्राप्त सुझावों के आधार पर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य सचिव ने दोपहिया वाहन चालकों और सवारियों के लिए हेलमेट के अनिवार्य उपयोग को प्रभावी रूप से लागू करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। परिवहन और पुलिस विभाग को प्रवर्तन कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने को कहा गया।
पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षा को लेकर उन्होंने क्रैश बैरियर, पैराफिट और अन्य सुरक्षा उपायों की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही अन्य राज्यों में अपनाई जा रही बेहतर सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं का अध्ययन कर उन्हें उत्तराखंड में लागू करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने प्रत्येक दो-तीन माह में व्यापक अभियान चलाने, वार्षिक प्रचार-प्रसार प्लान तैयार करने और पुलिस, स्वास्थ्य एवं परिवहन विभाग की संयुक्त वर्कशॉप आयोजित करने को कहा।
उन्होंने राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा हिट एंड रन के लंबित मामलों की सूची संबंधित जिलाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में लंबित मामलों की समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने स्थानीय सिनेमाघरों में सड़क सुरक्षा जागरूकता फिल्मों का प्रदर्शन कराने तथा विद्यालयों में सड़क सुरक्षा क्लब स्थापित कर उन्हें सक्रिय रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लैक स्पॉट के सुधार कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और सभी विभागों को एक्शन टेकन रिपोर्ट की नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में सचिव श्री रविनाथ रामन, डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
