देहरादून सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में राज्य कार्यकारिणी समिति (SEC) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपदा मोचन एवं आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों की गुणवत्ता और भौतिक प्रगति की सख्त मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में फंड रिलीज और एमसीआर (मंथली कंप्लीशन रिपोर्ट) की नियमित समीक्षा पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, ईएनसी (PWD) को राज्य कार्यकारिणी समिति का स्थायी सदस्य बनाए जाने का निर्णय लिया गया, जिससे तकनीकी निर्णयों में और अधिक मजबूती आएगी।
बाढ़ सुरक्षा को लेकर भी अहम निर्णय लिए गए। बैठक में बाढ़ सुरक्षा के लिए स्पष्ट नॉर्म्स तय करने, वेजिटेटिव प्रोटेक्शन (वनस्पति आधारित सुरक्षा उपाय) को प्राथमिकता देने तथा देहरादून में नहरों के सुदृढ़ीकरण के लिए ठोस प्रस्ताव तैयार करने पर जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि भविष्य में आपदा जोखिम को कम करने के लिए योजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि राज्य में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

