देहरादून। उधमसिंह नगर जनपद के किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग को लेकर कांग्रेस ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में सोमवार को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने पुलिस मुख्यालय देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस मामले में सरकार के साथ-साथ पूरा पुलिस विभाग आरोपी है, लेकिन सरकार अपने चहेते अधिकारियों को बचाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने मांग की कि किसान सुखवंत सिंह को न्याय दिलाने के लिए मामले की स्वतंत्र और उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए तथा संबंधित एसएसपी को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।
इस प्रदर्शन में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान, किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, विधायक ममता राकेश सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस मुख्यालय परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

