देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानसून सीजन से पूर्व राज्य में बाढ़ रोकथाम और नदी संरक्षण से जुड़े सभी कार्य समय पर पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने रिवर प्रोटेक्शन, डी-सिल्टिंग एवं जल संरक्षण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में बताया गया कि राज्य में अब तक 708 चेक डैमों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। साथ ही 419 रिचार्ज शॉफ्ट के माध्यम से लगभग 108.94 करोड़ लीटर भूजल रिचार्ज होने का अनुमान है, जिससे जलस्तर सुधार में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि कैम्पा योजना के अंतर्गत राज्यभर में 247 जल धाराओं के उपचार का कार्य प्रगति पर है, जिससे प्राकृतिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित किया जा रहा है।
वनाग्नि की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने वन विभाग को अभी से पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने, फायर लाइन की सफाई तथा संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी पर ज़ोर दिया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्राकृतिक आपदाओं की रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

