देहरादून में भूतपूर्व सैनिकों (भारतीय सेना एवं अर्धसैनिक बल) के एक प्रतिनिधिमंडल ने सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से उनके शासकीय आवास पर मुलाकात की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हरबर्टपुर क्षेत्र में स्थित भूमि से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि यह भूमि प्रभावित परिवारों और पूर्व सैनिकों से संबंधित है, जिसके क्रय-विक्रय, उपयोग और पूर्ण भूस्वामित्व अधिकार दिए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जानी चाहिए। इस संबंध में उन्होंने मंत्री से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया।
मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तुत अभिलेखों और पूर्व आदेशों का परीक्षण कर मामले में शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर हरबर्टपुर नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, पूर्व सैनिक संग्राम सिंह, धर्मानंद सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
