केदारनाथ यात्रा 2026: 3 दिन में 6733 श्रद्धालुओं का इलाज, हेलीकॉप्टर से हो रहा त्वरित रेस्क्यू
धार्मिक/धर्म-समाचार

केदारनाथ यात्रा 2026: 3 दिन में 6733 श्रद्धालुओं का इलाज, हेलीकॉप्टर से हो रहा त्वरित रेस्क्यू

श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के दौरान जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा सेवाओं को त्वरित और प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित इस यात्रा मार्ग पर मेडिकल रिलीफ पोस्ट (MRP), बेस कैंप चिकित्सालय, एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर सेवाएं 24×7 सक्रिय हैं।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यात्रा के पहले 3 दिनों में ही कुल 6733 श्रद्धालुओं को ओपीडी एवं इमरजेंसी सेवाएं प्रदान की गई हैं। केवल 24 अप्रैल को ही 4993 यात्रियों का उपचार किया गया। वहीं, अब तक 2869 यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है, जिनमें से 1311 जांचें एक ही दिन में की गईं।

रेस्क्यू व्यवस्था भी पूरी तरह सक्रिय है। अब तक 4 यात्रियों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि 13 यात्रियों को एम्बुलेंस और 7 श्रद्धालुओं को डंडी-कंडी के जरिए सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।

स्वास्थ्य जांच के दौरान 11 यात्रियों को यात्रा के लिए अयोग्य पाया गया, जिन्हें चिकित्सकीय सलाह दी गई है।

गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई के तहत 23 और 24 अप्रैल को कई मरीजों को हेली रेस्क्यू के जरिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया। इनमें गुजरात और महाराष्ट्र के श्रद्धालु शामिल हैं, जिन्हें सांस लेने में तकलीफ और ऑक्सीजन की कमी जैसी समस्याएं थीं।

जिला प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर ऑक्सीजन, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और रेस्क्यू सेवाओं की व्यापक व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं और किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत नजदीकी चिकित्सा केंद्र से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *