स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद में बढ़ती गर्मी और पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को जल संस्थान कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय व्यवस्था, शिकायत निस्तारण प्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति और फील्ड कार्यों की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की गई। कई स्तरों पर लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) ड्यूटी समय में घर पर पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। वहीं अधीक्षण अभियंता के अनुपस्थित मिलने पर उनका एक दिन का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया। साथ ही मामले की सूचना पेयजल सचिव को भी भेजी गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि पेयजल जैसी संवेदनशील सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कंट्रोल रूम व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शिकायत दर्ज कराने के लिए दूरभाष नंबर कार्यालय के बाहर प्रमुखता से लगाए जाएं और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान डिस्पैच, अधिष्ठान, लेखा, कंप्यूटर और शिकायत अनुभाग का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का पंजिका में नियमित अंकन किया जाए और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत की स्थिति से अवगत कराने पर भी जोर दिया गया।
दीक्षिता जोशी को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि फील्ड में भेजे जाने वाले जेई और अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति का पटवारियों से क्रॉस सत्यापन कराया जाए, ताकि फील्ड विजिट की वास्तविकता सुनिश्चित हो सके।
जनता दर्शन में गिरगांव क्षेत्र की महिलाओं द्वारा उठाई गई पेयजल समस्या की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि समय पर जलापूर्ति सुनिश्चित नहीं हो रही है तो संबंधित फिटर को हटाकर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
कार्यालय में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को त्वरित और प्रभावी पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अभियंता टी.एस. रावत सहित जल संस्थान के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
