देहरादून। थाना रायपुर पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार कर पहाड़ी क्षेत्रों के भोले-भाले लोगों, फौजियों और अन्य राज्यों में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों को जमीन बेचने के नाम पर ठगी करते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने ग्राम सौंडा सरोली स्थित भूमि को फर्जी तरीके से अपना बताकर एक व्यक्ति से 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। मामले में मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी देहरादून द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप सकलानी और उसके साथी अजय सजवाण को एकता कॉलोनी, डालनवाला से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के मुताबिक प्रदीप सकलानी शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ देहरादून के विभिन्न थानों में भूमि धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट समेत 27 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी लोगों को सस्ते दामों में जमीन दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलता था और बाद में फर्जी दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी को अंजाम देता था।
