September 12, 2026
ऋषिकेश में पर्यटकों से मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, वाहन भी किया क्षतिग्रस्त
Latest राज्य

ऋषिकेश में पर्यटकों से मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, वाहन भी किया क्षतिग्रस्त

ऋषिकेश। थाना ऋषिकेश क्षेत्र के काले की ढाल, आईडीपीएल इलाके में बाहरी राज्य से घूमने आए युवकों के साथ मारपीट, जानलेवा हमला और वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।

पुलिस के अनुसार हरियाणा के कैथल जनपद निवासी सतवीर अपने साथियों के साथ हुंडई वेन्यू कार से ऋषिकेश घूमने आए थे। इसी दौरान काले की ढाल क्षेत्र में एक महिला से हुई गलतफहमी के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई और कुछ लोगों ने पर्यटकों के साथ मारपीट कर दी। घटना में वादी पक्ष के लोगों को चोटें आईं, वहीं उनके वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया।

मामले में थाना ऋषिकेश में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

लगातार दबिश और साक्ष्य संकलन के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भरत विहार ट्रक यूनियन पार्किंग क्षेत्र से घटना में शामिल दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक थापा निवासी काले की ढाल और नरेश कश्यप निवासी आईडीपीएल, ऋषिकेश के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है तथा लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *