हेमकुंड साहिब में मौसम ने ली करवट, जून में हुई बर्फबारी से बिछी सफेद चादर, श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार
Latest धार्मिक/धर्म-समाचार राज्य

हेमकुंड साहिब में मौसम ने ली करवट, जून में हुई बर्फबारी से बिछी सफेद चादर, श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार

चमोली। समुद्र तल से लगभग 15,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में मौसम ने अचानक करवट ले ली। क्षेत्र में हुई ताजा बर्फबारी के बाद चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है, जिससे पूरा धाम मनमोहक और आध्यात्मिक आभा से सराबोर नजर आ रहा है।

बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु सुबह से ही बर्फबारी के बीच कठिन यात्रा कर पवित्र हेमकुंड साहिब पहुंच रहे हैं और गुरु घर में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए गुरुद्वारा प्रबंधक समिति तथा SDRF की टीम लगातार सक्रिय है। टीम द्वारा प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित रूप से पवित्र गुरुद्वारे तक पहुंचाने में सहयोग किया जा रहा है, जिससे खराब मौसम के बावजूद यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है।

हेमकुंड साहिब में बर्फबारी के बीच श्रद्धालु पवित्र सरोवर (झील) में स्नान करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। शून्य के करीब पहुंचते तापमान के बावजूद श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम यहां देखने को मिल रहा है।

ताजा बर्फबारी के बाद हेमकुंड साहिब का नजारा और भी अलौकिक हो गया है। बर्फ से ढकी पर्वत चोटियां और पवित्र धाम की सुंदरता श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *