नैनीताल। उत्तराखण्ड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने लोक भवन, नैनीताल में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा विकसित ‘फिन बोध’ और ‘उत्तरावाणी’ ऐप के साथ-साथ असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर पाठ्य सामग्री का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने इन पहलों को राज्य के आर्थिक विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और पर्यटन संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
राज्यपाल ने कहा कि ‘फिन बोध’ ऐप वित्तीय साक्षरता को सरल और व्यवहारिक रूप में आमजन तक पहुंचाने का एक अभिनव प्रयास है। उन्होंने युवाओं के लिए वित्तीय प्रबंधन, निवेश, बचत, बैंकिंग और डिजिटल भुगतान संबंधी जानकारी को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि यह ऐप उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
‘उत्तरावाणी’ ऐप के बारे में बोलते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का प्रभावी मंच बनेगा। कुमाऊँनी, गढ़वाली, जौनसारी सहित विभिन्न बोलियों, लोकगीतों और सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने में यह ऐप महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक रेडियो की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए यह मंच दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी जोड़ने का कार्य करेगा।

असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर पाठ्य सामग्री के लोकार्पण पर राज्यपाल ने कहा कि यह पहल युवाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में होमस्टे पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है और यह पाठ्य सामग्री युवाओं को होमस्टे संचालन, अतिथि सत्कार, ऑनलाइन बुकिंग, सोशल मीडिया प्रचार तथा उद्यमिता जैसे विषयों में प्रशिक्षित करेगी।
कार्यक्रम में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, कौशल विकास, वित्तीय साक्षरता और रोजगारपरक प्रशिक्षण के क्षेत्र में लगातार नवाचार कर रहा है तथा भविष्य में भी समाजोपयोगी कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, कुलसचिव खेमराज भट्ट, विश्वविद्यालय के निदेशक, शिक्षकगण एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
