कोटद्वार। जिला एवं महानगर कांग्रेस कार्यालय, कोटद्वार में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी 4 जून को प्रस्तावित पौड़ी दौरे एवं पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह नेगी ने सहभागिता करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और गौरवशाली सैन्य परंपराओं की भूमि है। प्रदेश के सैनिक परिवारों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार पूर्व सैनिकों और युवाओं के हितों से जुड़े विषयों पर गंभीरता से अपनी आवाज उठाते रहे हैं।
उन्होंने विशेष रूप से अग्निवीर योजना को लेकर युवाओं के भविष्य, रोजगार सुरक्षा और सैन्य व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विषयों पर व्यापक संवाद और चर्चा की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से पौड़ी में आयोजित होने वाला पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम महत्वपूर्ण साबित होगा।

बैठक में पूर्व सैनिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। सुरेंद्र सिंह नेगी ने सभी पूर्व सैनिकों और कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड की आवाज राष्ट्रीय मंच तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह संवाद केवल समस्याओं को सामने रखने का मंच नहीं होगा, बल्कि युवाओं और पूर्व सैनिकों के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान की दिशा में भी एक सार्थक पहल साबित होगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
