आयुष मंत्री मदन कौशिक ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय हर्रावाला से संबंधित पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन एवं क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के साथ प्रस्तावित बैठक की तैयारियों और विभागीय कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा की गई।
मंत्री कौशिक ने आयुर्वेदिक कॉलेज ऋषिकुल एवं गुरुकुल हरिद्वार में दवाइयों के वितरण को सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुष विश्वविद्यालयों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए तथा इसके लिए अधिकारियों को प्रभावी कार्यप्रणाली अपनानी होगी।

साथ ही मंत्री ने विश्वविद्यालयों में टेक्नीशियन, लाइब्रेरियन एवं अन्य रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए अधियाचन भेजने के निर्देश देते हुए कहा कि शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
