कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने की विभागीय समीक्षा, आईटीआई में सुविधाओं और छात्र संख्या बढ़ाने के निर्देश
Latest राज्य

कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने की विभागीय समीक्षा, आईटीआई में सुविधाओं और छात्र संख्या बढ़ाने के निर्देश

कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में संचालित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में छात्र संख्या बढ़ाने तथा सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में मंत्री बहुगुणा ने आगामी भर्ती सत्र को ध्यान में रखते हुए आईटीआई में अधिक से अधिक छात्र नामांकन सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कौशल विकास विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि युवा इन योजनाओं का लाभ उठाकर रोजगारोन्मुखी कौशल प्राप्त कर सकें।

मंत्री ने जानकारी दी कि देहरादून के निरंजनपुर, श्रीनगर और अल्मोड़ा स्थित आईटीआई में जल्द ही टीवीएस कंपनी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे छात्रों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और उद्योग आधारित कौशल विकास का अवसर मिलेगा।

इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 32 आईटीआई डीएसटी मॉडल के अंतर्गत संचालित हैं, जहां छात्र छह माह संस्थान में तथा छह माह उद्योगों में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। विभाग अब ऐसे आईटीआई की संख्या बढ़ाकर 45 करने जा रहा है।

सौरभ बहुगुणा ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा 168 नए आईटीआई प्रशिक्षकों की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर प्रदेश के युवाओं को बेहतर रोजगार अवसरों से जोड़ा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *