टिहरी। तहसील टिहरी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जौलांगी के पास सोमवार को एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि पांच लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस गंगोत्री से केदारनाथ जा रही थी। बस में 18 यात्री, 2 कुक, 1 चालक तथा 1 परिचालक सहित कुल 22 लोग सवार थे। दुर्घटना कांडीखाल से लगभग 3 किलोमीटर चम्बा की ओर स्थित स्थान पर हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। वहीं एम्बुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गई है। घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा जा रहा है।

राजस्व विभाग की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने बताया कि विस्तृत रिपोर्ट बाद में जारी की जाएगी।
स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
