मुख्यमंत्री धामी से राजस्थान के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर की शिष्टाचार भेंट, शिक्षा और संस्कृति पर हुई चर्चा
Latest राजनीति राज्य

मुख्यमंत्री धामी से राजस्थान के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर की शिष्टाचार भेंट, शिक्षा और संस्कृति पर हुई चर्चा

देहरादून, 03 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री (स्कूल शिक्षा, पंचायती राज एवं संस्कृत शिक्षा) श्री मदन दिलावर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के मध्य शिक्षा, पंचायती राज संस्थाओं के सशक्तीकरण, भारतीय संस्कृति एवं संस्कृत भाषा के संरक्षण और संवर्धन सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था, ग्रामीण विकास तथा स्थानीय स्वशासन को और अधिक प्रभावी बनाने के विषयों पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड में नई शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यालयी शिक्षा के सुदृढ़ीकरण, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने तथा पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राज्यों के मध्य अनुभवों का आदान-प्रदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोगात्मक प्रयास देश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री मदन दिलावर ने उत्तराखण्ड सरकार द्वारा शिक्षा, संस्कृति संरक्षण एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने दोनों राज्यों के मध्य शिक्षा, संस्कृति तथा स्थानीय स्वशासन से जुड़े विषयों पर सहयोग और समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया।

बैठक के दौरान दोनों राज्यों के बीच बेहतर प्रशासनिक अनुभवों के आदान-प्रदान तथा शिक्षा एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *