श्रीनगर/देहरादून, 02 जून 2026। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के खिर्सू एवं पाबौ क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने पर्यटन, सड़क संपर्क एवं जनसुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
डॉ. रावत ने खिर्सू के ग्राम उल्ली में पर्यटकों की सुविधा हेतु 5 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से निर्मित होने वाले यात्री प्रतीक्षालय का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इसके उपरांत उन्होंने पाबौ क्षेत्र में थानधार से उल्ली तक 2 किलोमीटर लंबाई एवं 58.22 लाख रुपये की लागत से निर्मित मोटर मार्ग का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।


कैबिनेट मंत्री ने खिर्सू-माण्डाखाल मोटर मार्ग के मध्य बिडोली मोटर मार्ग पर निर्मित व्यूप्वाइंट का भी लोकार्पण किया। यह व्यूप्वाइंट यात्रियों की सुविधा एवं क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह स्थल पर्यटकों को सुरक्षित विश्राम सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने का अवसर भी प्रदान करेगा।
डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकास कार्यों से स्थानीय जनता और पर्यटकों को व्यापक लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला, ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी, मातवर सिंह रावत, संपत सिंह रावत, नितिन रावत, विमल नेगी, गेंदालाल, पूनम टम्टा, ग्राम प्रधान किरण देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
