September 11, 2026
देहरादून में नशे के खिलाफ सख्त एक्शन, कॉलेजों-विश्वविद्यालयों में चलाया जाएगा ड्रग्स टेस्टिंग अभियान
Latest अपराध राज्य शिक्षा

देहरादून में नशे के खिलाफ सख्त एक्शन, कॉलेजों-विश्वविद्यालयों में चलाया जाएगा ड्रग्स टेस्टिंग अभियान

देहरादून, 02 जून 2026। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन समिति (NCORD) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने, नशे की मांग एवं आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए विभिन्न विभागों को समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिले के सभी विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रारों को नारकोटिक्स समिति से जोड़ा जाए, ताकि उच्च शिक्षण संस्थानों में नशा उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस विषय को शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में शामिल करने की दिशा में भी प्रयास करने की बात कही।

डॉ. चौहान ने कहा कि नशा समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए गंभीर चुनौती है। नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षण संस्थानों एवं आम नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने औषधि विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि दवा फैक्ट्रियों और मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री रोकने के लिए सघन अभियान चलाया जाए। साथ ही सभी मेडिकल स्टोरों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को विशेष टास्क फोर्स के माध्यम से सरकारी एवं निजी कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में वृहद स्तर पर ड्रग्स टेस्टिंग अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पैडलरों और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर उनकी जीआईएस टैगिंग करने को कहा, जिससे निगरानी और कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। इसके अलावा विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सभी शिक्षण संस्थानों में गठित एंटी ड्रग्स कमेटियों को सक्रिय करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 तथा एनसीओआरडी/मानस पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त किया जा सके।

उन्होंने एएनटीएफ, एसटीएफ, पुलिस, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), औषधि नियंत्रक विभाग एवं अन्य प्रवर्तन एजेंसियों को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त नेटवर्क और उनके लिंकेज का विश्लेषण कर प्रभावी रणनीति तैयार की जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद ढौंडियाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल भारती, प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी शिव प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *