देवप्रयाग में दर्दनाक हादसा: इनोवा कार खाई में गिरकर नदी में समाई, 3 शव बरामद, 4 की तलाश जारी
Latest धार्मिक/धर्म-समाचार राज्य

देवप्रयाग में दर्दनाक हादसा: इनोवा कार खाई में गिरकर नदी में समाई, 3 शव बरामद, 4 की तलाश जारी

File Photo

देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल, 02 जून 2026। टिहरी गढ़वाल जनपद के देवप्रयाग क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक इनोवा कार (संख्या UK08TA-5433) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने के बाद नदी में समा गई। वाहन में चालक सहित कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल थे।

घटना की सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग द्वारा SDRF को अवगत कराया गया। सूचना प्राप्त होते ही SDRF पोस्ट ब्यासी की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF पोस्ट ढालवाला से राफ्ट सहित अतिरिक्त टीम तथा SDRF पोस्ट श्रीनगर से भी रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया।

सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर SDRF, जिला पुलिस एवं अन्य बचाव इकाइयों द्वारा संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच नदी और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान चलाया गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF टीम ने एक बालक को गंभीर घायल अवस्था में सुरक्षित निकालकर तत्काल अस्पताल भिजवाया। वहीं नदी से 3 शव बरामद किए गए, जिनमें 2 पुरुष और 1 महिला शामिल हैं। सभी शवों को राफ्ट के माध्यम से सड़क मार्ग तक लाकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया गया।

SDRF टीमों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसके आसपास के क्षेत्र में गहन सर्चिंग की, लेकिन वाहन के अंदर कोई अन्य व्यक्ति नहीं मिला। फिलहाल शेष 4 लापता व्यक्तियों (2 पुरुष एवं 2 महिलाएं) की तलाश के लिए SDRF द्वारा सभी संभावित क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

SDRF, स्थानीय पुलिस एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के सहयोग से बचाव एवं खोज अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *