कौड़ियाला में गंगा में बहे युवक की तलाश जारी, SDRF को मिला अज्ञात महिला का शव
Latest राज्य

कौड़ियाला में गंगा में बहे युवक की तलाश जारी, SDRF को मिला अज्ञात महिला का शव

ऋषिकेश/कौड़ियाला, 07 जून 2026।
कौड़ियाला क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान तेज धारा में बहकर लापता हुए युवक आशीष जैन (43 वर्ष), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) की तलाश में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) द्वारा दूसरे दिन भी व्यापक एवं सघन सर्च अभियान चलाया गया।

SDRF की डीप डाइविंग टीम ढालवाला ने रविवार सुबह से ही घटनास्थल एवं नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में गहन खोजबीन शुरू की। टीम ने राफ्ट, डीप डाइविंग उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों की सहायता से संभावित बहाव क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन संचालित किया। इसके साथ ही नदी किनारों तथा संवेदनशील स्थलों पर भी बारीकी से तलाशी अभियान चलाया गया।

सर्च अभियान के दौरान SDRF टीम को कौड़ियाला क्षेत्र में गंगा नदी के भीतर एक अज्ञात महिला का शव दिखाई दिया। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए शव को नदी से बाहर निकाला और सुरक्षित रूप से ब्यासी रोड हेड तक पहुंचाया।

इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्यवाही के लिए शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, लापता युवक आशीष जैन की तलाश के लिए SDRF का सर्च अभियान लगातार जारी है। नदी के बहाव क्षेत्र में संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है ताकि जल्द से जल्द युवक का पता लगाया जा सके।

प्रशासन और SDRF अधिकारियों ने बताया कि खोज अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है तथा परिस्थितियों के अनुसार आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *