अल्मोड़ा। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी भारतीय सेना के युवा अधिकारी लेफ्टिनेंट बौरेश्वर गोस्वामी शहीद हो गए। 25 वर्षीय लेफ्टिनेंट गोस्वामी ‘ऑपरेशन शेरशावली’ में हिस्सा ले रहे थे। अभियान के दौरान एक दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में गश्त करते समय उनका पैर फिसल गया और वे गहरी खाई में गिर गए।
साथी जवानों ने तत्काल रेस्क्यू कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहादत की खबर मिलते ही पूरे अल्मोड़ा और प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई।
मूल रूप से द्वाराहाट क्षेत्र के निवासी बौरेश्वर गोस्वामी वर्तमान में अल्मोड़ा के पाण्डेखोला में परिवार के साथ रहते थे। उन्होंने वर्ष 2023 में पासआउट होने के बाद जून 2024 में कमीशन प्राप्त कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में सेवा शुरू की थी। वर्तमान में उनकी तैनाती हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर क्षेत्र में थी।
रविवार को उनका पार्थिव शरीर विशेष विमान से जम्मू-कश्मीर से पंतनगर लाया गया, जिसके बाद अल्मोड़ा स्थित आवास पहुंचाया गया। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने उनके अंतिम दर्शन किए। शाम को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
लेफ्टिनेंट बौरेश्वर गोस्वामी के पिता मुख्य प्रशासनिक अधिकारी तथा माता शिक्षिका हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार, सेना और पूरे उत्तराखंड को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
