अमरदीप गैस सेवा के उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु वैकल्पिक गैस एजेंसियों पर किया गया अस्थायी स्थानांतरण
देहरादून, 08 जून 2026 (सूवि)। जी.एम.एस. रोड, देहरादून स्थित अमरदीप गैस सेवा के निलंबित होने के उपरांत उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा एलपीजी आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे, इसके लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के क्रम में संबंधित उपभोक्ताओं को अस्थायी रूप से अन्य गैस एजेंसियों से संबद्ध किया गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि अमरदीप गैस सेवा से जुड़े कुल 27 हजार उपभोक्ताओं को अन्य गैस एजेंसियों में स्थानांतरित किया गया है। इनमें 16,000 उपभोक्ताओं को डिवाइन भारत गैस सर्विस, टर्नर रोड, 10,000 उपभोक्ताओं को सर्वोदय भारत गैस सर्विस, प्रेमनगर तथा 1,000 उपभोक्ताओं को जीवन ज्योति भारत गैस सर्विस, कैनाल रोड से संबद्ध किया गया है।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अब गैस बुकिंग, रिफिल आपूर्ति एवं अन्य सेवाओं के लिए अपनी नव-आवंटित गैस एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं। यह व्यवस्था उपभोक्ताओं को सुचारु एवं निर्बाध एलपीजी आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने पाए तथा गैस वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जाए। संबंधित अधिकारियों को उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए उपभोक्ता अपनी आवंटित गैस एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं।
जिला सूचना कार्यालय, देहरादून
