NH-534 की बदहाल सड़कों पर सुरेन्द्र सिंह नेगी ने जताई चिंता, नितिन गडकरी को लिखा पत्र
Latest देहरादून न्यूज

NH-534 की बदहाल सड़कों पर सुरेन्द्र सिंह नेगी ने जताई चिंता, नितिन गडकरी को लिखा पत्र

पूर्व कैबिनेट मंत्री उत्तराखंड सरकार श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-534 पर नजीबाबाद–कोटद्वार और कोटद्वार–दुगड्डा मार्ग की खराब स्थिति तथा निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

अपने पत्र में उन्होंने कहा कि नजीबाबाद–कोटद्वार 24 किलोमीटर तथा कोटद्वार–दुगड्डा 15 किलोमीटर का मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण आम जनता, यात्रियों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को यह समझ नहीं आ रहा कि उन्हें इस समस्या से कब राहत मिलेगी।

श्री नेगी ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल से वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों और यात्रियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बसों और दोपहिया वाहनों से यात्रा करने वाले लोगों को धूल और खराब सड़क के कारण असुविधा, चक्कर और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि एनएच-534 के निर्माण कार्य में हो रही देरी की उच्चस्तरीय समीक्षा कर संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को युद्ध स्तर पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द राहत मिल सके।

सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि कोटद्वार उत्तराखंड का प्रवेश द्वार है और इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *