कैंची धाम स्थापना दिवस 15 जून: लाखों श्रद्धालुओं के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, शटल सेवा से होगी आवाजाही Headline
Latest देहरादून न्यूज

कैंची धाम स्थापना दिवस 15 जून: लाखों श्रद्धालुओं के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, शटल सेवा से होगी आवाजाही Headline

हल्द्वानी। 15 जून को आयोजित होने वाले कैंची धाम स्थापना दिवस मेले को लेकर नैनीताल पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था लागू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

एसएसपी के अनुसार, देहरादून, हरिद्वार, एनसीआर, दिल्ली और मुरादाबाद की ओर से रामनगर और कालाढूंगी मार्ग से आने वाले वाहनों को नयागांव तिराहा, नैनीताल तिराहा, लामाचौड़, आरटीओ रोड, पंचायतघर तिराहा, शीतल होटल और तीनपानी तिराहा होते हुए गोलापार काठगोदाम की ओर भेजा जाएगा। यहां रेलवे स्टेशन काठगोदाम और नगर निगम काठगोदाम में पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।

रामपुर रोड और बरेली रोड की ओर से आने वाले वाहनों को भी तीनपानी तिराहा से डायवर्ट कर गोलापार काठगोदाम भेजा जाएगा। वहीं रोडवेज बस और रेलवे के माध्यम से हल्द्वानी और काठगोदाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष शटल सेवा संचालित की जाएगी।

जनपद नैनीताल के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अलग ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। रामनगर, कालाढूंगी और लालकुआं की ओर से आने वाले वाहनों को गोलापार काठगोदाम के नारीमन तिराहे से भीमताल की ओर भेजा जाएगा। यहां विकास भवन भीमताल में वाहनों की पार्किंग की जाएगी और वहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।

नैनीताल, ज्योलीकोट, धारी और मुक्तेश्वर की ओर से आने वाले वाहनों को भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा, जबकि अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले वाहनों के लिए खैरना पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। इन सभी स्थानों से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें और यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सहयोग करें, ताकि स्थापना दिवस के अवसर पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *