केदारनाथ यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों पर शिकंजा, होटल-ढाबों में देर रात आकस्मिक चेकिंग
Latest अपराध

केदारनाथ यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों पर शिकंजा, होटल-ढाबों में देर रात आकस्मिक चेकिंग

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार सक्रिय अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर संध्याकालीन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों को निशाने पर रखा गया।

पुलिस द्वारा पिछले दिनों की कार्रवाई के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ मिली सफलता को देखते हुए इस बार “ड्रिंक एंड ड्राइव” के मामलों पर विशेष फोकस किया गया। विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों की सघन जांच की गई तथा संदिग्ध वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से जांच की गई। साथ ही अवैध शराब की तस्करी की आशंका के मद्देनजर वाहनों की डिक्की और गुप्त खानों की भी बारीकी से तलाशी ली गई।

चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से सुरक्षित यात्रा और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

संध्याकालीन वाहन चेकिंग के बाद देर रात पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित होटल, लॉज और ढाबों में आकस्मिक जांच अभियान चलाया। इस दौरान ठहरे हुए यात्रियों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया तथा होटल और ढाबा संचालकों को निर्देशित किया गया कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को ठहरने की अनुमति न दी जाए।

पुलिस ने होटल और ढाबा संचालकों को यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति को बिना पहचान सत्यापन के शरण दी जाती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ यात्रा अवधि के दौरान इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *