जोशीमठ। बद्रीनाथ-जोशीमठ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। घटना बद्रीनाथ से लगभग 20 किलोमीटर आगे बिनाकुली गांव के पास हुई। समय रहते आईटीबीपी (ITBP) के जवानों की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बस में झारखंड के रहने वाले श्रद्धालु सवार थे। श्रद्धालु पिछले एक सप्ताह से बद्रीनाथ धाम में रहकर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन एवं भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर रहे थे। शुक्रवार सुबह वे हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे, जहां से उन्हें ट्रेन के माध्यम से अपने गृह राज्य लौटना था।

यात्रा के दौरान बिनाकुली गांव के निकट बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही माना चौकी से 23वीं वाहिनी आईटीबीपी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
आईटीबीपी के जवानों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित हैं।
स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने आईटीबीपी के जवानों की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की सराहना की।
