चमोली में दर्दनाक सड़क हादसा: घेस मार्ग पर टैक्सी खाई में गिरी, 4 की मौत, 3 गंभीर घायल
Latest

चमोली में दर्दनाक सड़क हादसा: घेस मार्ग पर टैक्सी खाई में गिरी, 4 की मौत, 3 गंभीर घायल

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। देवाल विकासखंड के अंतर्गत घेस सड़क पर एक टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टैक्सी में कुल सात लोग सवार थे। घेस मार्ग पर यात्रा के दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सैकड़ों मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए देवाल अस्पताल भेजा गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पहाड़ी सड़क के खतरनाक मोड़ और वाहन के अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल आसपास के गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *