उत्तराखंड। घने कोहरे, लगातार बारिश और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के बीच फंसे 15 सदस्यीय ट्रैकिंग दल को SDRF और ITBP की संयुक्त टीम ने सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला। ट्रैकिंग दल मुछुकुंद गुफा के ऊपरी क्षेत्र में रास्ता भटक गया था, जिसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण ट्रैकिंग दल निर्धारित मार्ग से भटक गया। इसी दौरान क्षेत्र में तैनात ITBP के जवानों को ट्रैकर्स की आवाज सुनाई दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल स्थानीय पुलिस और SDRF को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही SDRF और ITBP की संयुक्त टीम मौके के लिए रवाना हुई। घने कोहरे, बारिश और कठिन पहाड़ी मार्गों के बावजूद बचाव दल ने करीब डेढ़ घंटे तक अभियान चलाया और सभी 15 ट्रैकर्स को सुरक्षित खोज निकाला।
रेस्क्यू अभियान के दौरान 75 वर्षीय एक बुजुर्ग ट्रैकर को विशेष सहायता की आवश्यकता पड़ी। SDRF के जवानों ने उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में विशेष सहयोग प्रदान किया।
सभी ट्रैकर्स को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद राहत की सांस ली गई। ट्रैकिंग दल के सदस्यों ने SDRF और ITBP की त्वरित कार्रवाई, पेशेवर दक्षता और साहस की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
प्रतिकूल मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच चलाया गया यह अभियान एक बार फिर आपदा एवं बचाव एजेंसियों की तत्परता और समर्पण का उदाहरण बनकर सामने आया है।
