देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति आशियाना परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रपति के दौरे से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्यों का क्लियरेंस सर्टिफिकेट निर्धारित समय के भीतर जमा करने के निर्देश भी दिए, ताकि सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।
इस दौरान राष्ट्रपति आशियाना परिसर में विकसित किए जा रहे 132 एकड़ क्षेत्रफल वाले राष्ट्रपति उद्यान के कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
प्रशासन का मानना है कि राष्ट्रपति आशियाना परिसर और राष्ट्रपति उद्यान का विकास भविष्य में देहरादून की नई पहचान के रूप में उभरेगा तथा पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के बीच लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जा सकें।
