देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज पद्मश्री से सम्मानित एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज स्वर्गीय जसपाल राणा के देहरादून स्थित आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय जसपाल राणा के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की तथा उनके निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और अद्वितीय प्रतिभा के बल पर देश और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। निशानेबाजी के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने खेल जगत में अनेक युवाओं को प्रेरित किया और अपनी उपलब्धियों से भारतीय खेलों को नई पहचान दिलाई।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की। उन्होंने परिवार के सदस्यों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और कहा कि यह क्षति केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे खेल जगत और उत्तराखंड प्रदेश की भी अपूरणीय क्षति है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा का जीवन अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्टता का प्रतीक रहा है। उन्होंने अपने खेल करियर में अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित किया। खेलों के प्रति उनका समर्पण और युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने की भावना सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिवारजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी स्वर्गीय जसपाल राणा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
