मुख्यमंत्री धामी ने विधायक अरविंद पांडेय के आवास पहुंचकर परिवारजनों से की आत्मीय भेंट
Latest देहरादून न्यूज

मुख्यमंत्री धामी ने विधायक अरविंद पांडेय के आवास पहुंचकर परिवारजनों से की आत्मीय भेंट

ऊधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम के उपरांत क्षेत्रीय विधायक श्री अरविंद पांडेय के आवास पहुंचकर उनके परिजनों से आत्मीय भेंट की। मुख्यमंत्री के इस सौहार्दपूर्ण दौरे से परिवारजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मुख्यमंत्री धामी ने विधायक अरविंद पांडेय के परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और पारिवारिक विषयों पर आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने परिवार के बुजुर्गों का सम्मान करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा परिवार के अन्य सदस्यों से भी बातचीत कर उनका हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री ने परिवार के नौनिहालों से भी विशेष रूप से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को स्नेह एवं शुभाशीष प्रदान करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच रखने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सफलता की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार समाज की मूल इकाई है और मजबूत पारिवारिक संबंध सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक और पारिवारिक संबंधों में आत्मीयता एवं संवाद बनाए रखना हमारी सांस्कृतिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा है।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी गदरपुर में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने विधायक अरविंद पांडेय के आवास पहुंचकर उनके परिजनों से भेंट कर आत्मीयता का परिचय दिया।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को क्षेत्रीय जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सकारात्मक रूप से लिया। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के सरल एवं सहज व्यवहार की सराहना करते हुए इसे जनप्रतिनिधियों और आमजन के बीच बेहतर संवाद का उदाहरण बताया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *